बिल को लेकर हुआ झगड़ा तो Noida के रेस्टोरेंट में छपरा के बृजेश को मार डाला, 7 लोग गिरफ्तार

4/27/2022 2:52:55 PM

छपराः नोएडा के गार्डन गैलरिया मॉल में स्थित एक रेस्त्रां में पार्टी करने आए लोगों तथा होटल के कर्मचारियों में बिल को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई और देखते-देखते मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में छपरा के 30 वर्षीय बृजेश राय को गंभीर चोटें आई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं इस मामले में पुलिस ने बुधवार को सात लोगों को गिरफ्तार किया। इस घटना में संलिप्त 2 लोग फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

अपर पुलिस उपायुक्त (प्रथम जोन) रणविजय सिंह ने बताया कि सेक्टर-80 स्थित बैटरी बनाने वाली एक कंपनी जेएलएम में काम करने वाले 7 लोग रविवार की रात सेक्टर 38-ए स्थित गार्डन गैलरिया मॉल के लास्ट लेमन नामक रेस्त्रां में पार्टी करने गए थे। रात 11 बजे के करीब पार्टी कर रहे लोगों तथा होटल के कर्मचारियों में बिल को लेकर विवाद हो गया। उन्होंने बताया कि 7,400 रुपए का बिल था। पार्टी करने वाले लोग बिल दिए बिना रेस्त्रां से बाहर निकल गए। इस बात को लेकर होटल के प्रबंधक तथा पार्टी करने वाले लोगों के बीच विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई तथा देखते-देखते मारपीट शुरू हो गई।
PunjabKesari
पुलिस ने इन लोगों को किया गिरफ्तार
अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि होटल कर्मचारियों ने पार्टी कर रहे लोगों के साथ मारपीट की। इस मारपीट में बृजेश राय के सिर में गंभीर चोट आी और उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए प्रयाग अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह बिहार में छपरा जिले के हसनपुरा गांव का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राय के साथ पार्टी में आई युवती आरती ठाकुर ने सेक्टर-39 थाने में रेस्त्रा के प्रबंधक देवेंद्र सहित कई लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करवाया है। जांच के दौरान पुलिस ने इस घटना में शामिल नोएडा सेक्टर-15 निवासी सुंदर सिंह रावत, उत्तराखंड के कुमेर सिंह बंगारी, हिमांशु कुमार, दिल्ली के छतरपुर के निवासी देवेंद्र सिंह, हिमाचल प्रदेश के मेडी ठाकुर, नोएडा के गुड्डू सिंह और ग्रेटर नोएडा के कपिल उर्फ नाहर सिंह को गिरफ्तार किया है।

मृतक बृजेश की पत्नी ने लगाया ये आरोप
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में शामिल 2 लोग अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में होटल के मालिक की भूमिका की जांच कर रही है। इस बीच, मृतक बृजेश की पत्नी पूजा राय ने आरोप लगाया है कि पुलिस और उनके पति के साथ पार्टी करने गए लोगों ने इस मामले को उनसे काफी देर तक छुपाया। उन्होंने मुख्यमंत्री और कई नेताओं तथा वरिष्ठ अधिकारियों को ट्वीट कर इस मामले में आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलवाने की मांग की है। वह सेक्टर-132 स्थित डीपीएस स्कूल में अध्यापिका हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static