लापरवाही...स्वास्थ्य विभाग ने मृत डॉक्‍टर का कर दिया तबादला, बनाया शेखपुरा का सिविल सर्जन

3/9/2021 5:19:46 PM

रोहतासः बिहार में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां एक मृत डॉक्टर को शेखपुरा जिले का सिविल सर्जन नियुक्त किया गया है। वहीं विभाग की इस लापरवाही की वजह से सरकार की काफी फजीहत हो रही है।

दरअसल, रोहतास जिला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिक्रमगंज में तैनात पीएचसी प्रभारी राम नारायण राम का लंबी बीमारी के बाद 7 फरवरी 2021 को निधन हो गया। इसके बाद 8 फरवरी को बिक्रमगंज पीएचसी में स्वास्थ्य कर्मियों ने शोक सभा कर उन्‍हें श्रद्धांजलि दी। लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी चूक करते हुए राम नारायण राम को शेखपुरा का सिविल सर्जन नियुक्त कर दिया। इस संबंध में विभाग की तरफ से सोमवार को आदेश जारी किया गया है।

मृत डॉक्टर बिक्रमगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी थे। डॉ. राम यहां करीब छह वर्ष से कार्यरत थे। बिक्रमगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के वर्तमान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि डॉ. राम का निधन 7 फरवरी को ही हो गया था। जिसकी सूचना विभाग को दी गई थी।  वहीं अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्वास्थ्य विभाग कितना लापरवाह है कि एक मृत अधिकारी को सिविल सर्जन बनाने के लिए पत्र निर्गत कर दिया।

Content Writer

Ramanjot