'दबंग' लुक में नजर आने वाली महिला कांस्टेबल का फंदे से लटका मिला शव, मकान मालिक बोला- 3 दिन से...

9/5/2020 12:01:17 PM

अररियाः बिहार में अररिया जिले के सिमराहा थाना में पदस्थापित महिला कांस्टेबल श्रुति कुमारी का शव शुक्रवार को फंदे से लटका बरामद किया गया है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि महिला कांस्टेबल ने आत्महत्या की है।

जानकारी के अनुसार, महिला कांस्टेबल श्रुति कुमारी का फंदे से लटका शव सिमराहा बाजार स्थित उसके घर से बरामद किया गया है। श्रुति कुमारी मूल रूप से मुंगेर शहर की रहने वाली थीं और सिमराहा बाजार स्थित किराए के मकान में रहती थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को महिला कांस्टेबल के पति ने उन्हें फोन किया, तो फोन रिसीव नहीं होने पर उसने मकान मालिक को फोन किया। मकान मालिक ने देखा कि कमरा अंदर से लॉक था।

इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। घटना जानकारी मिलते ही पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़ कर घर के अंदर प्रवेश किया तो महिला कांस्टेबल श्रुति कुमारी का शव दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। पूछताछ के दौरान मकान मालिक ने बताया कि श्रुति कुमारी कई दिनों से परेशान चल रहीं थी। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

बता दें कि मृत महिला कांस्टेबल वर्ष 2018 बैच की कांस्टेबल थीं। मौत के बाद उनका एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह दबंग लुक में नजर आ रही हैं। वीडियो क्लिप में पहले बाइक पर चश्मा लगाए और फिर बेल्ट पकड़े नजर आ रही हैं।

Ramanjot