मंत्री के सामने ही रिश्वत मांग बैठा डाटा एंट्री ऑपरेटर, ‘ऑन द स्पॉट’ हुआ एक्शन
Saturday, Aug 01, 2026-06:02 PM (IST)
पटना: बिहार में एक डाटा एंट्री ऑपरेटर ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेंद्र पासवान के सामने ही रिश्वत की मांग कर दी। नतीजा यह हुआ कि उसी वक्त उसकी नौकरी चली गई। मामला सीतामढ़ी का है। विभाग के एक डाटा एंट्री ऑपरेटर पर आरोप था कि वह अनुदान राशि जारी करने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। जब कुछ फरियादी इस शिकायत को लेकर मंत्री लखेंद्र पासवान से मिले, तो मंत्री ने खुद इसकी जांच करने का फैसला किया।
स्पीकर पर फोन और रिश्वत की मांग
मंत्री ने फरियादियों से उसी कर्मचारी को फोन लगवाया। कॉल स्पीकर पर थी और कमरे में मौजूद सभी लोग बातचीत सुन रहे थे। फोन रिसीव होते ही डाटा एंट्री ऑपरेटर ने बिना किसी झिझक के अनुदान राशि जारी करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग दोहरा दी। उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसकी आवाज सीधे मंत्री तक पहुंच रही है।बातचीत खत्म होते ही कमरे का माहौल बदल गया।
मंत्री का ‘ऑन द स्पॉट’ एक्शन
मंत्री लखेंद्र पासवान ने तुरंत सीतामढ़ी के जिला कल्याण पदाधिकारी को फोन लगाया और उस डाटा एंट्री ऑपरेटर की सेवा समाप्त करने का निर्देश दे दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि जिस ऑफिस में यह कर्मचारी तैनात था, वहां के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाए। अगर लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

