दरभंगा जिला पुलिस ने वाहन लुटेरा गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 अपराधी गिरफ्तार

7/6/2021 11:41:55 AM

दरभंगाः बिहार में दरभंगा जिला पुलिस ने एक वाहन लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इसके साथ ही पुलिस ने छह अपराधियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक (नगर) अशोक प्रसाद ने सोमवार को बताया कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं में वृद्धि को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अनुसंधान जारी था। इसी क्रम में मिले साक्ष्यों के आधार पर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए जिले के विभिन्न जगहों से छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

अशोक प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में शंकर साह, राहुल कुमार, दयाशंकर कुमार, विवेक कुमार, संतोष कुमार मिश्र और मनोज कुमार राम शामिल हैं। इनके पास से छह दोपहिया वाहन के अलावा तीन मोबाइल फोन और छह मास्टर चाबी बरामद की गई है। गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। अपराधियों से पूछताछ की जा रही है।

Content Writer

Ramanjot