अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी परीक्षार्थियों से भरी स्कॉर्पियो, मच गई चीख-पुकार; 12 छात्र थे सवार

Sunday, Feb 08, 2026-10:48 AM (IST)

Darbhanga News : बिहार के दरभंगा जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जा रहे छात्रों से भरी एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में जा गिरी। हालांकि, परीक्षार्थी मौत के मुंह से बाल-बाल बच गए। चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 

यह घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के एमएमटीएम कॉलेज (MMTM College) परिसर के पास की है। केवटी प्रखंड के हनुमान नगर दूधिया गांव से करीब 10-12 छात्र-छात्राएं स्कॉर्पियो रिजर्व कर द्वितीय पाली की परीक्षा देने केंद्र जा रहे थे। कॉलेज के समीप अचानक गाड़ी फिसल गई और कीचड़ व पानी से भरे गहरे तालाब में समा गई। देखते ही देखते गाड़ी पूरी तरह डूब गई, और चीख-पुकार मच गई। लेकिन पानी में डूबने से पहले ही ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। 

स्थानीय लोगों और प्रशासन की तत्परता 

जैसे ही गाड़ी तालाब में गिरी, आसपास के लोग बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में कूद पड़े। ग्रामीणों ने चालक समेत सभी छात्र-छात्राओं को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। वार्ड पार्षद मुकेश कुमार महासेठ ने तुरंत यूनिवर्सिटी थाना और नगर निगम को सूचित किया।नगर निगम के कर्मचारी बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद डूबी हुई स्कॉर्पियो को तालाब से बाहर निकाला। 

भीगने के बाद भी दी परीक्षा 

हादसे के बाद परीक्षार्थी सहम गए थे और कुछ के एडमिट कार्ड भी गाड़ी के अंदर ही छूट गए थे। हालांकि, छात्रों ने हिम्मत नहीं हारी। बच्चों ने तुरंत घर से एडमिट कार्ड की दूसरी कॉपी मंगवाई और भीगे कपड़ों व मानसिक तनाव के बावजूद समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर अपनी परीक्षा दी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static