Danish Rizwan: हम के सभी पदों से हटाए गए दानिश रिजवान, गोलीकांड मामले में हुई थी गिरफ्तारी

1/9/2023 10:58:20 AM

पटना: आपराधिक मामले में गिरफ्तारी होने के बाद हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के राष्ट्रीय महासचिव दानिश रिजवान (Danish Rizwan) के खिलाफ पार्टी के बड़ा एक्शन लिया है। दरअसल, दानिश रिजवान को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया गया है। बता दें कि दानिश रिजवान को बिहार पुलिस (Bihar Police) की मदद से झारखंड पुलिस (Jharkhand Police) द्वारा गुरुवार को आरा से गिरफ्तार किया गया था। उन पर रांची (Ranchi) की चर्चित महिला सुषमा बड़ाईक पर गोली चलाने का आरोप है। 

आरा कोर्ट के बाहर झारखंड पुलिस ने किया था गिरफ्तार 
हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण (Shyam Sundar Sharan) ने रविवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि गोलीकांड मामले (Firing Case) में गिरफ्तारी के बाद दानिश रिजवान को पार्टी के सभी पदों से हटा दिया गया है। रिजवान एक मामले में आरा की एक अदालत (Court) में पेश होने जा रहे थे तभी झारखंड पुलिस (Jharkhand Police) ने स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 

यह भी पढ़ें- BJP ने CM नीतीश पर महिलाओं के कार्यक्रम में ‘‘अभद्र टिप्पणी'' करने का लगाया आरोप 

रांची की महिला पर गोली चलाने का आरोप
गौरतलब है कि सुषमा बड़ाईक पर गोली चलाने के आरोप में झारखंड पुलिस (Jharkhand Police) ने रिजवान को गिरफ्तार (Arrest) किया था। महिला ने दावा किया था कि रिजवान उसके पुत्र के पिता हैं। उसने आरोप साबित करने के लिए रिजवान के डीएनए टेस्ट (DNA Test) की मांग की थी और इस सिलसिले में उसके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई थी। पिछले वर्ष 13 दिसंबर को रांची में कुछ अपराधियों ने सुषमा पर उस वक्त गोली चला दी जब वह अदालत जा रही थीं। इस सिलसिले में दर्ज मामले में दानिश रिजवान समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया गया था। 

यह भी पढ़ें- बेगूसराय के 2 साल के मासूम का स्वीडन में होगा पालन-पोषण, विदेशी दंपती ने धर्मराज को लिया गोद
 

Content Writer

Ramanjot