बेगूसराय में डकैतों ने 2 घरों में बोला धावा...परिवारों को बंधक बनाकर पीटा, लाखों के जेवर और नगदी लेकर भागे

12/22/2023 12:56:33 PM

बेगूसरायः बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह आए-दिन लूट, डकैती, हत्या और छिनतई जैसी बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला बेगूसराय जिले से सामने आया है, जहां पर बेखौफ डकैतों ने 2 घरों में भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया है।

10 डकैतों ने दिया घटना को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र के पचंबा स्थित वास्तु विहार परिसर का है, जहां पर चोरों ने 2 घरों में भीषण डकैती की है।  पचंबा स्थित वास्तु विहार परिसर के रहने वाले आनंद ईश्वर और मुकेश पोद्दार के घर का दरवाजा तोड़कर 10 डकैतों ने घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि डकैतों ने पहले हथियार के बल पर आनंद ईश्वर और उनकी पत्नी को बंधक बनाया तथा मुंह पर टेप चिपका दिया और फिर आनंद ईश्वर के साथ मारपीट की और उनकी पत्नी ने जो जेवरात पहने हुए थे, वह ले लिया। इसके बाद सभी डकैत मुकेश पोद्दार के घर में घुसे, जहां डकैतों ने उनके और परिवार के अन्य सदस्यों के हाथ-पैर बांधकर बंधक बनाया। उनके घर से नकद और जेवरात सहित 20 लाख से अधिक की संपत्ति लूट लिए। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी अमित कुमार को भेजा गया। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तरीके से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही डकैतों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Content Editor

Swati Sharma