डी राजा ने केजरीवाल की गिरफ्तारी और कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज करने की निंदा की, कहा- भाजपा को सबक सिखाएगी जनता

3/23/2024 1:33:10 PM

पटना: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) महासचिव डी राजा (D Raja) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि ऐसा करके केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा विपक्ष को ‘‘पंगु'' करने का प्रयास किया जा रहा है। राजा ने ‘इंडिया' गठबंधन में सहयोगी कांग्रेस के बैंक खातों को ‘फ्रीज' (लेनदेन पर रोक लगाने) करने को ‘‘वित्तीय आतंकवाद'' करार दिया और दावा किया कि लोकसभा चुनाव में लोग भाजपा को ‘‘सबक सिखाएंगे।'' 

"विपक्ष को ‘पंगु' बनाने का प्रयास कर रही केंद्र सरकार"
राजा ने कहा, ‘‘हम केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हैं जो लोकसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद हुई है। आम आदमी पार्टी प्रमुख अब प्रचार अभियान में कैसे हिस्सा लेंगे। यह स्पष्ट रूप से विपक्ष को ‘पंगु' बनाने का एक प्रयास है।'' भाकपा महासचिव राजा ने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनौती देता हूं कि वह अपने विरोधियों से राजनीतिक रूप से मुकाबला करें। उन्हें गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर जनता के गुस्से का डर है। यही कारण है कि उनकी सरकार विपक्ष को डराने के लिए केंद्रीय एजेंसियों, खासकर ईडी का इस्तेमाल कर रही है।'' उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इसी तरह आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस के बैंक खातों को ‘फ्रीज' करना वित्तीय आतंकवाद कहा जा सकता है। यह मोदी के राजनीतिक विरोधियों के मन में डर पैदा करने के अलावा और कोई उद्देश्य नहीं पूरा कर सकता है। लेकिन वर्तमान सरकार को मतदाता सबक सिखाने जा रहे हैं।'' 

तमिलनाडु से आने वाले वाम नेता डी राजा ने दक्षिणी राज्यों में भाजपा के लिए पैठ बनाने के प्रधानमंत्री के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा कर्नाटक में सत्ता में थी, जहां उसे परास्त कर दिया गया। तेलंगाना में उसे परास्त कर दिया गया। तमिलनाडु में मुझे भाजपा की दक्षिणपंथी हिंदुत्व राजनीति को बढ़ावा मिलने की कोई संभावना नहीं दिखती, इस राज्य की सामाजिक सुधार आंदोलनों की अपनी परंपरा रही है।'' राजा ने तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि का उदाहरण भी दिया जो उच्चतम न्यायालय की टिप्पणी के बाद द्रमुक विधायक के. पोनमुडी को मंत्री पद की शपथ दिलाने पर सहमत हुए। 

Content Writer

Ramanjot