Bhojpur Crime: गुटखा के पैसे मांगने के विवाद को लेकर अपराधियों ने दुकानदार को मारी गोली, जख्मी

3/26/2024 2:23:11 PM

भोजपुरः बिहार में अपराधियों के हौसले बढ़ते ही जा रहे हैं। वह आए-दिन हत्या, गोलीबारी, लूटपाट जैसी बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला भोजपुर जिले से सामने आया है, जहां पर हथियारबंद बदमाशों ने एक किराना दुकानदार को गोली मार दी। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, इस घटना से आसपास के इलाके में दहशत व्याप्त है।

गुटखा के पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, यह सनसनीखेज वारदात जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के लहंग डुमरिया गांव की है। घायल किराना दुकानदार की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के लहंग डुमरिया गांव निवासी रामदास साह के पुत्र विजय साह (55) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सोमवार को विजय साह अपनी दुकान बंद कर घर में सोए हुए थे। इस बीच देर रात दो युवक उनके घर आए और दुकान खोलकर गुटखा देने को बोले। इसके बाद उन्होंने दोनों युवकों को गुटखा दिया, लेकिन जब विजय साह ने गुटखा के पैसे मांगे, तब हथियारबंद बदमाशों ने उनको गोली मारकर जख्मी कर दिया। गोली लगने के बाद दुकानदार को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। इस घटना से आसपास के इलाके में दहशत व्याप्त है।

जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। विजय साह को एक गोली दाहिने साइड के पंजरे में और दूसरी गोली पीठ में लगी है। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

Content Editor

Swati Sharma