बिहार में अपराधी बेखौफ: दिनदहाड़े अपराधियों ने BJP नेता को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

9/30/2022 12:01:49 PM

आरा: बिहार के आरा जिले में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। अपराधियों ने दिनदहाड़े भाजपा नेता बबलू सिंह की गोली मार दी। वहीं पुलिस घटना की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना नवादा थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी मुहल्ले की है, जहां पर बबलू सिंह शुक्रवार सुबह टहलने के लिए अपने घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान अचानक अपराधियों ने बबलू सिंह पर फायरिंग कर दी। वहीं गोली लगने से भाजपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें जिला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बबलू सिंह पेशे से ठेकेदार है और सड़क बनाने का ठेका लेते है। इसके साथ ही वह भाजपा के सक्रिय सदस्य भी है।

वहीं इस घटना पर जख्मी बबलू सिंह के भाई ने बताया कि कुछ दिन पूर्व योजना के तहत पंचायत में लाखों रुपए का काम हुआ था, जिसको लेकर बबलू सिंह का गांव के एक व्यक्ति से विवाद चला रहा था। उस व्यक्ति के पुत्र ने पहले भी परिवार को गोली मारने की धमकी दी थी।

बता दें कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस घटना पर एएसपी सह सदर एसडीपीओ हिमांशु ने बताया कि बबलू सिंह की स्थिति स्थिर है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।अभी मरीज बोलने की स्थिति में नहीं है। उसके बयान देने के बाद ही घटना का असली कारण पता लगेगा।

 

Content Writer

Nitika