पूर्वी चंपारणः बदमाशों ने भाकपा नेता पर की अंधाधुंध फायरिंग, इलाके में दहशत

6/29/2020 2:06:04 PM

मोतिहारीः बिहार में अपराधियों ने आतंक मचा रखा है। आलम ये है कि बेखौफ अपराधी आम लोगों के साथ-साथ नेताओं को भी अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला पूर्वी चंपारण जिले का है। यहां अपराधियों ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नेता को गोली मारकर घायल कर दिया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मामला पूर्वी चंपारण के लखौरा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि भाकपा नेता बिंदेश्वरी गिरि रविवार की रात बारात में शामिल होने के बाद अपने एक सहयोगी के साथ बाइक से लौट रहे थे। तभी पटखौलिया टोला के निकट मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने गोली मार कर उन्हें घायल कर दिया। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस नाकेबंदी कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को चिन्हित कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Edited By

Ramanjot