BJP नेता का विवादित बयान- जो भी ब्राह्मण का बेटा मांझी की जुबान काट लाएगा, उसे देंगे 11 लाख का इनाम

12/21/2021 4:05:05 PM

पटनाः ब्राह्मणों पर दिए गए विवादास्पद बयान को लेकर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी लगातार घिरते जा रहे हैं। इस पर अलग-अलग पार्टियां तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं व्यक्त कर रही हैं। वहीं अब भाजपा नेता गजेंद्र झा ने विवादित बयान देते हुए कहा कि 'मांझी की जुबान काटने वाले को 11 लाख रुपए दूंगा।'

भाजपा नेता ने कहा कि अगर हिंदुस्तान में ब्राह्मण का कोई भी बेटा जीतन राम मांझी की जीभ काटकर मेरे सामने लाता है तो मैं उसे 11 लाख रुपए का इनाम दूंगा।” उन्होंने कहा कि जीतन राम मांझी की हैसियत 11 टके की भी नहीं है। दरअसल, मांझी ने अपने बयान से पूरी तरह पलटी मारते हुए कहा कि उनका बयान पूरे ब्राह्मण समाज पर नहीं बल्कि वैसे लोगों पर था, जो हनुमान चालीसा तक नहीं जानते। वहीं मांझी के द्वारा ब्राह्मण समाज पर दिए गए बयान को लेकर पंडा समाज गया शहर के विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर प्रांगण से चांदचौरा मोड़ तक विरोध मार्च निकाला। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका।

बता दें कि ब्राह्मण समुदाय को अपशब्द कहे जाने पर मांझी के खिलाफ बेतिया सीजेएम कोर्ट में शिकायत दर्ज हो गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।

Content Writer

Nitika