बिहार में चुनावी हलचल तेज, 1 से 21 सितंबर के बीच 100 स्थानों पर डिजिटल बैठक करेगी कांग्रेस

8/29/2020 11:24:42 AM

पटनाः बिहार के आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश के विपक्षी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस राज्य के सभी जिलों में एक सिंतबर से 21 सितंबर के दौरान 100 स्थानों पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक का आयोजन करेगी।

पटना स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव एवं बिहार प्रभारी अजय कपूर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस एक सितंबर से 21 सितंबर तक बिहार के सभी जिलों में 100 जगहों पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ''बिहार क्रांति महासम्मेलन'' का आयोजन कराएगी। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में प्रदेश से लेकर देश स्तर के नेता अपने-अपने विचार रखेंगे। साथ ही स्थानीय नेताओं को भी इसमें अपनी बात रखने का मौका मिलेगा।

एक प्रश्न के उत्तर में अजय कपूर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सम्मानजनक सीटों पर अपने सहयोगियों के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने बिहार की वर्तमान राजग सरकार पर बाढ़ हो या कोरोना सभी मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तन चाहती है और विकास करने वाली नई सरकार बनाने का मन बना चुकी है। कांग्रेस के कार्यकर्त्ता मजबूती के साथ इस लड़ाई को लड़ेंगे।

Ramanjot