" कांग्रेस की बेबसी दे रही दिखाई, एक क्षेत्रीय पार्टी ने राष्ट्रीय पार्टी को अपने शर्तों पर समझौता करने के लिए कर दिया विवश"

3/30/2024 10:47:27 AM

पटनाः लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में महागठबंधन की सीटों का बंटवारा हो गया है। राजद (RJD) के हिस्से में 26 सीट आई है, जबकि कांग्रेस को 9 सीटें और लेफ्ट को पांच सीटें मिली है। बंटवारे में कांग्रेस को पूर्णिया सीट नहीं मिली है, जिससे पप्पू यादव को बड़ा झटका लगा है। वहीं, महागठबंधन में हुए सीट बंटवारे के बाद बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने बड़ा बयान दिया है।

'ये राष्ट्रीय पार्टी के लिए कही न कही शर्मिंदगी भरा वातावरण'
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की बेबसी दिखाई दे रही है। एक क्षेत्रीय पार्टी जो परिवारवादी पार्टी है एक राष्ट्रीय पार्टी को अपने शर्तों पर समझौता करने के लिए विवश कर दिया और उस पार्टी ने बेबसी के साथ समझौता कर लिया, जब पहले राउंड का नामांकन समाप्त हो गया, उसके बाद सीट शेयरिंग की घोषणा कर रहे हैं। यहां उनकी विवशता साफ दिखाई देती है। ये राष्ट्रीय पार्टी के लिए कही न कही शर्मिंदगी भरा वातावरण है।

बता दें कि आरजेडी पाटलिपुत्र, बक्सर, उजियारपुर, जहानाबाद, दरभंगा, बांका, औरंगाबाद, गया, जमुई, नवादा, सारण, अररिया, सीवान, शिवहर, वैशाली, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, मधेपुरा, मुंगेर, हाजीपुर, सुपौल, वाल्मिकीनगर,  गोपालगंज, सीतामढ़ी, झंझारपुर और मधुबनी सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस किशनगंज, कटिहार, समस्तीपुर, पटना साहिब, सासाराम, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और महाराजगंज सीट पर चुनाव लड़ेगी। सीपीआई-एमएल को आरा, काराकाट, नालंदा, सीपीआई को बेगूसराय, सीपीएम को खगड़िया सीट मिली है।
 

Content Editor

Swati Sharma