कांग्रेस का आरोप- किसान चौपाल के नाम पर राजनीति कर रही भाजपा

12/24/2020 1:43:15 PM

पटनाः बिहार कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर किसान चौपाल के सहारे राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इन सम्मेलनों में भाजपा नेता तीनों कृषि कानून के गुण और दोष बता पाने में पूरी तरह से विफल हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सदानंद सिंह ने बुधवार को कहा कि भाजपा किसान चौपाल के नाम पर सिर्फ राजनीति कर रही है। किसान सम्मेलनों में भाजपा के नेता तीन नए कृषि कानून के गुण और दोष को बता पाने में पूरी तरह से विफल साबित हो रहे हैं क्योंकि इन कानूनों से किसानों के बदले पूंजीपतियों और जमाखोरों को लाभ होने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति मुख्य समस्याओं से जनता का ध्यान भटकाने की रही है। वह कृषि चौपाल के जरिए भी किसानों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।

सदानंद सिंह ने कहा कि किसान पिछले 29 दिनों से अनवरत आंदोलन कर रहे हैं। नए कृषि कानूनों से किसानों को अपने हितों की चिंता है। फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्राप्त नहीं होने की आशंका है। मंडियां खत्म होने का डर है। अनुबंध कृषि के जरिए जोत भूमि के आधिपत्य समाप्त होने का भय है। पूंजीपतियों से विवाद की स्थिति में किसानों का पक्ष कमजोर होने की आशंकाएं हैं, जिसका निदान भाजपा के नेता कृषि सम्मेलनों में नहीं कर पा रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि किसान इस देश के अन्नदाता हैं। देश की बड़ी आबादी खेती पर निर्भर है। वे गर्मी, धूप, बरसात और जाड़े के दिनों मे खून-पसीना एक करके अनाज उगाते हैं। उनके आंदोलन को यूं नजरंदाज नहीं किया जाना चाहिए। इसलिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किसानों के हक में उनकी विनती है कि तीनों नये कृषि कानून को वापस लिये जाने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए।

Ramanjot