Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की 11वीं सूची, कटिहार से तारिक अनवर को मिला टिकट
Tuesday, Apr 02, 2024-03:44 PM (IST)
Congress Candidate List: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) के लिए मंगलवार को 17 और उम्मीदवार घोषित किए। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की 11वीं सूची में बिहार से तीन उम्मीदवारों का नाम शामिल है। पार्टी ने बिहार के कटिहार से एक बार फिर अनवर को उम्मीदवार बनाया है। पिछले लोकसभा चुनाव में उन्हें जनता दल (यूनाइटेड) के उम्मीदवार दुलालचंद गोस्वामी ने पराजित किया था। एक बार फिर से उनका मुकाबला गोस्वामी से होगा।
किशनगंज से मोहम्मद जावेद को मिला टिकट
कांग्रेस ने बिहार की किशनगंज लोकसभा सीट से अपने मौजूदा सांसद मोहम्मद जावेद को टिकट दिया है। भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक अजीत शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस बिहार की कुल 40 लोकसभा सीटों में से नौ पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, 26 सीट पर उसकी सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और पांच सीट पर वाम दल चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार में गठजोड़ के तहत कांग्रेस के हिस्से में नौ सीट- किशनगंज, कटिहार, पटना साहिब, भागलपुर, सासाराम, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पश्चिम चंपारण और महाराजगंज आई हैं।

बिहार में 7 चरणों में होंगे चुनाव
इससे पहले कांग्रेस ने नौ अलग-अलग सूचियों में 212 उम्मीदवार घोषित किए थे। देश में 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे। इसके बाद छह और चरणों में 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी। कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 114 और ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए भी 49 उम्मीदवार घोषित किए हैं।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Bihar Board 12th Result 2026: BSEB ने जारी किया इंटर रिजल्ट, 85.19% छात्र सफल, देखें टॉपर्स की लिस्ट

