कांग्रेस ने महागठबंधन में मतभेद को किया खारिज, गोहिल बोले- गठबंधन में सब कुछ ठीक

7/10/2020 12:07:53 PM

पटनाः बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में मतभेद के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने इसे खारिज करते हुए कहा कि गठबंधन में सब कुछ ठीक है, इसलिए किसी को मुख्यमंत्री चेहरे और समन्वय समिति के गठन की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

बिहार मामलों के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने पटना के सदाकत आश्रम स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान महागठबंधन में किसी भी तरह के मतभेद को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनकी अपने साथियों के साथ लगातार बातचीत होती रहती है। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन में सब कुछ ठीक है। आप लोग न तो मुख्यमंत्री चेहरे और न ही समन्वय समिति की चिंता करें।

महागठबंधन विधानसभा चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ेगा, इस बारे में पूछे जाने पर गोहिल ने कहा कि चुनाव की घोषणा से पहले सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। हमारे बीच में समन्वय है। वहीं राजद के तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बारे में उन्होंने कहा कि यह उनका हक है।

NDA पर साधा निशाना
इसके साथ गोहिल ने बिहार में सत्तारूढ़ राजग को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजग की सबसे बडी पार्टी भाजपा का इतिहास रहा है कि जब जरूरत पड़ती है तो वह साथी के पांव पड़ती है और जरूरत खत्म हो जाने पर वह साथी का राजनीतिक तौर पर गला काटती है। उन्होंने कहा कि सही वक्त पर चुनाव जरूर होना चाहिए तथा चुनाव में जनता के आशीर्वाद के साथ हमारी सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता बदलाव चाहती है।

Edited By

Ramanjot