कांग्रेस विधायकों ने कृषि कानूनों को लेकर किया प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

2/22/2021 12:19:26 PM

 

पटनाः बिहार विधानसभा में आज सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन देखने को मिला। कांग्रेस विधायकों के द्वारा विधानसभा के बाहर कृषि कानूनों को लेकर प्रदर्शन किया गया। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा के नेतृत्व में सभी विधायकों ने केंद्र की एनडीए सरकार के साथ-साथ बिहार सरकार का भी महंगाई के मुद्दे पर घेराव किया। उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन को दबाने के लिए केंद्र सरकार ने तमाम हथकंडे अपनाए हैं। नए कृषि कानून वापस लिए जाने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा और उनके साथ कांग्रेस मजबूती के साथ खड़ी रहेगी। वहीं देश में पेट्रोल डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ भी कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन किया।

बता दें कि कोई महंगाई और रोजगार तो कोई किसानों के मुद्दे पर सरकार का विरोध कर रहा है। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर लेकर विधानसभा पहुंचे। इस दौरान तेजस्वी खुद ड्राइविंग सीट पर बैठकर ट्रैक्टर चला रहे थे। पार्टी के कुछ लोग उनके साथ ट्रैक्टर पर बैठे तो कुछ पीछे पीछे भाग रहे थे।
 

Content Writer

Nitika