"कांग्रेस के नेताओं ने बार-बार बिहार और बिहारियों का किया अपमान", JDU का आरोप, कहा- जनता इनको ऐसा करारा जवाब देगी...

Saturday, Sep 06, 2025-02:37 PM (IST)

Bihar Politics: जनता दल यूनाईटेड (JDU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेताओं ने बार-बार बिहार और बिहारियों का अपमान किया है। प्रसाद ने बयान जारी कर कहा कि केरल कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जिस तरह की टिप्पणी की गई, उसने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि कांग्रेस की सोच में बिहार के प्रति उपेक्षा भरी पड़ी है। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं हुआ है, बल्कि कांग्रेस की पुरानी आदत और मानसिकता रही है कि वह बिहार को एक आंतरिक उपनिवेश की तरह देखती है और उसके गौरव, मेहनत तथा संघर्ष को नीचा दिखाने का कोई अवसर नहीं छोड़ती। 

राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री रहते चरणजीत सिंह चन्नी ने खुले मंच से बिहारियों का अपमान किया था और उस समय मंच पर उनके साथ बैठी प्रियंका गांधी ने तालियां बजाकर समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि इसके पहले कांग्रेस के नेता रेवंत रेड्डी ने बिहारियों को लेकर आपत्तिजनक बयान दिए और इंडिया गठबंधन के नेता तथा द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) प्रमुख एम.के. स्टालिन ने भी बिहार और हिंदी भाषियों का मजाक उड़ाने वाली बातें कीं। इतना ही नहीं, कांग्रेस ने बार-बार केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार को अपमानित करने वाले बयान दिए और उसके विकास की जरूरतों की लगातार उपेक्षा की। जदयू प्रवक्ता ने कहा कि आज की स्थिति यह है कि कांग्रेस के इस अपमानजनक रवैये में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ सुर मिलाती रही है। 

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस की हर गलत और बिहार विरोधी बात पर तेजस्वी यादव या तो मौन सहमति जताते हैं या फिर खुद बयानबाज़ी करके बिहार की जनता का अपमान करते हैं। यह गठजोड़ बिहार को कमजोर करने और उसके स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का खेल लंबे समय से खेल रहा है। लेकिन अब बिहार की जनता सब देख रही है। जिन्होंने उनकी गरिमा पर प्रहार किया, उनकी मेहनत और संघर्ष का मजाक उड़ाया, उनके खिलाफ जनता ने मन बना लिया है। कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का समय आ चुका है और राजद का बेड़ा गर्क करने का भी संकल्प जनता ने ले लिया है। प्रसाद ने कहा कि बिहार अपने स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं करेगा। कांग्रेस और राजद को इस बार जनता ऐसा करारा जवाब देगी कि इतिहास गवाह बनेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static