BJP नेता नंदकिशोर का हमला- महंगाई के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है कांग्रेस

11/7/2021 10:54:19 AM

पटनाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने कांग्रेस शासित राज्यों के पेट्रोल और डीजल पर मूल्य वर्धित कर (वैट) में कमी नहीं करने को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महंगाई के नाम पर कांग्रेस लोगों को गुमराह कर रही है, उसका जनहित से कोई लेना-देना नहीं है।

नंदकिशोर यादव ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में कोई सामंजस्य नहीं है। महंगाई के नाम पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश में जुटे कांग्रेस के नेता बताएं कि केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले उत्पाद शुल्क में क्रमश: पांच रुपए और 10 रुपए प्रति लीटर की कमी करने की पहल के बाद कांग्रेस शासित प्रदेशों की सरकारों ने पेट्रोल-डीजल पर वैट क्यों नहीं कम किया। यह कांग्रेस के दोहरे चरित्र को उजागर करता है।

भाजपा नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल पर वैट में सबसे ज्यादा कमी भाजपा शासित राज्यों में की गई है। पेट्रोल की कीमतों में सबसे ज्यादा कमी कर्नाटक और पुद्दुचेरी में की गई है। वहीं, बिहार की राजग सरकार ने भी पेट्रोल-डीजल पर वैट कम किया है। बिहार में पेट्रोल पर तीन रुपए 20 पैसे और डीजल पर तीन रुपए 90 पैसे की राहत दी गई है। केंद्र सरकार और बिहार सरकार की ओर से की गई कटौती के बाद लोगों को पेट्रोल 8.20 रुपएऔर डीजल 13.90 रुपए सस्ता मिल रहा है।

नंदकिशोर यादव ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अपने स्वार्थ के लिए लोगों को गुमराह किया है। राजस्थान, पंजाब और छत्तीसगढ़ में चुनाव के पूर्व बड़े-बड़े वादे किए गए थे। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि कांग्रेस के लोग बताएं कि कांग्रेस शासित राज्यों में कितने किसानों के कर्ज माफ किए गए। भाजपा नेता ने कहा कि जनविरोधी कांग्रेस की सरकारों ने पेट्रोल-डीजल पर से वैट में कोई कमी नहीं की है। पेट्रोल-डीजल पर से वैट कम नहीं करने वालों में महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान की सरकारें शामिल हैं।

Content Writer

Ramanjot