कांग्रेस ने अब शिक्षा मंत्री की योग्यता पर उठाए सवाल, कहा- ''ठीक से राष्ट्रगान भी नहीं गा पाते मेवालाल

11/18/2020 6:04:59 PM

 

पटनाः नीतीश कुमार के द्वारा भ्रष्टाचार के आरोपी मेवालाल चौधरी को नए शिक्षा मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया। इसके बाद से बिहार की राजनीति गरमाई हुई है। इसे लेकर विपक्ष के द्वारा लगातार नीतीश सरकार का घेराव किया जा रहा है। वहीं अब कांग्रेस नेता ने नीतीश सरकार पर तंज कसा है।

महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता संजय निरुपम ने भ्रष्टाचार के बाद अब शिक्षा मंत्री की योग्यता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें मेवालाल ठीक से राष्ट्रगान भी नहीं गा पा रहे हैं। संजय निरुपम ने वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'ये बिहार के नए शिक्षा मंत्री हैं। कहते हैं, ये जनाब पहले किसी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर थे। राष्ट्रगान भी नहीं गा पाते। भ्रष्टाचार के संगीन आरोप इन पर हैं सो अलग। भरतीय लोकतंत्र के इन पापों को कौन धोएगा?'


बता दें कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भी मेवालाल से जुड़े भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी के उस कथन को शेयर किया है, जिसमें उन्होंने एक समय उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके अतिरिक्त नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी ट्वीट कर नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मेवालाल चौधरी को शिक्षा मंत्री बनाकर क्या भ्रष्टाचार करने का ईनाम एवं लूटने की खुली छूट प्रदान की है?

Nitika