जासूसी विवाद पर BJP बोली- नेहरू से लेकर मनमोहन सरकार तक फोन टैपिंग करवाती रही कांग्रेस

7/22/2021 9:38:20 AM

पटनाः बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जासूसी विवाद को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वह प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर डॉ. मनमोहन सिंह सरकार तक फोन टैपिंग करवाती रही है।

बिहार भाजपा के अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने बुधवार को सोशल नेटवकिर्ंग साइट फेसबुक पर पोस्ट लिखा कि एक कहावत है कि ‘चोर बोले ज़ोर से' आज कांग्रेस का आचरण कुछ ऐसा ही हो चला है। सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा न मिले तो मनगढंत कहानियां बनाकर हंगामा करना और झूठ बोल-बोल कर लोगों को भड़काना, कांग्रेस की पूरी राजनीति आज इन्ही दो ध्रुवों के ईद-गिर्द चल रही है। उसे इसका भी भान नहीं है कि सरकार की छवि धूमिल करने के लिए वह जो आरोप लगा रही है, उसकी कालिख से वह खुद सिर से पांव तक पुती हुई है।

डॉ. जायसवाल ने कहा कि आज केंद्र सरकार पर फोन टैपिंग और जासूसी करवाने का आरोप लगा रही कांग्रेस यह भूल चुकी है उसका खुद का इतिहास इस तरह की साजिश रचने, जासूसी करने और सरकार गिराने की कहानियों से भरा हुआ है। पं. जवाहरलाल नेहरू से लेकर डॉ. मनमोहन सिंह तक के कार्यकाल इस तरह की घटनाओं से भरे पड़े हैं। विरोधी तो विरोधी कांग्रेस ने अपनों तक को नहीं छोड़ा है। यह वही पार्टी है जिसने वर्ष 1948 से 1968 के बीच नेताजी सुभाष चंद्र बोस के परिवार तक की निगरानी करवाई थी।

Content Writer

Ramanjot