CM नीतीश ने 'समाधान यात्रा' के दौरान सहरसा में विकास योजनाओं का लिया जायजा, लोगों से संवाद कर सुनीं समस्याएं

Thursday, Feb 02, 2023-06:15 PM (IST)

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 'समाधान यात्रा' के क्रम में सहरसा जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत चल रही विकास योजनाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने सहरसा जिलान्तर्गत बलहापट्टी पंचायत के ग्राम बलहा गढ़िया का भ्रमण कर हर घर नल का जल, हर घर तक गली और नाली निर्माण, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना सहित अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। 

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद कर सुनीं समस्याएं 
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद कर उनकी समस्यायें सुनीं। पंचायत सरकार भवन बलहापट्टी का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम कचहरी कक्ष, ग्राम पंचायत राज पुस्तकालय, सरपंच एवं उप सरपंच कक्ष, ग्राम कचहरी न्यायालय आदि का जायजा लिया। पंचायत सरकार भवन में ग्राम पंचायत जनप्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था एवं संचालित होने वाली गतिविधियों के संबंध में अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवन के ऊपर एक और तल का निर्माण करायें ताकि बाढ़ आने की स्थिति में लोग आश्रय ले सकें। लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पंचायत सरकार भवन बलहापट्टी के सामने स्थित तालाब का मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। 

PunjabKesari

अधिकारियों को दिए ये निर्देश
वहीं जायजा लेने के क्रम में मुख्यमंत्री ने तालाब के चारों तरफ पेवर ब्लॉक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह तालाब पंचायत सरकार भवन के सामने है। यहां सौर ऊर्जा की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें, यह काफी अच्छा रहेगा। यहां आने वाले लोगों को भी इससे सुविधा मिलेगी। समेकित बाल विकास परियोजना आंगनबाड़ी केंद्र गढ़िया पूर्वी केंद्र संख्या -115 का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण कर बच्चों के पठन-पाठन की जानकारी ली। आंगनबाड़ी केंद्र की शिक्षिका से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी बच्चों को ठीक ढंग से पढ़ने के प्रति प्रेरित करें, इन्हें अच्छे ढंग से पढ़ायें। मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत निधि जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा किये जा रहे बत्तख पालन का भी जायजा लिया और जीविका दीदियों के बीच सतत् जीविकोपार्जन योजना का किट वितरित किया। 

PunjabKesari

जीविका दीदी ने सुनाई आपबीती
इस दौरान जीविका दीदी ने अपनी आपबीती साझा करते हुए कहा कि पहले पति ताड़ी का व्यापार करते थे और शराब भी पीते थे। समाज में प्रतिष्ठा नहीं थी तब मैंने समूह से जुड़कर 60 हजार रुपये कर्ज लेकर पति के लिये रिक्शा खरीदी और बकरी पालन का काम शुरू किया। समूह से जुड़ने के बाद हम जीविका दीदियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने सतत् जीविकापार्जन योजना के लाभार्थी जीविका दीदियों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग अंतर्गत कंदाहा मत्स्य ग्राम के एरियल मानचित्र का अवलोकन कर अधिकारियों से चंवर क्षेत्र के संबंध में जानकारी ली। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि चंवर क्षेत्र को उपयोगी बनाने के लिये कई जगहों पर नीचे मछली ऊपर बिजली के कॉन्सेप्ट पर काम किया गया है। इसी तर्ज पर कंदाहा मत्स्य ग्राम के अंतर्गत आने वाले चंवर क्षेत्र का विकास करें, इससे लोगों की आमदनी काफी बढ़ेगी।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के अंतर्गत जिला अस्पताल सहरसा को मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित करने के निर्माण कार्य का शिलापट का अनावरण एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर अस्पताल का मुआयना किया। भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं एवं संबंधित अधिकारियों को उनके यथाशीघ्र समाधान हेतु निर्देश दिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। 

PunjabKesari
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static