CM नीतीश का केंद्र से आग्रह- राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना में शामिल हो कोसी-मेची नदी

8/11/2020 3:14:42 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य में नेपाल से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने का आरोप लगाया। वहीं केंद्र सरकार से राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना में राज्य की कोसी और मेची नदी को शामिल करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।

नीतीश ने पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में छह राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बाढ़ को लेकर सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में कहा कि राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना के लिए दो लाख हेक्टेयर का क्षेत्र लाभांवित होने का दायरा निर्धारित किया गया है। बिहार के कोसी-मेची नदी को भी इस परियोजना के अंतर्गत शामिल किया जाए। इससे दो लाख 14 हजार हेक्टेयर क्षेत्र लाभांवित होगा। उन्होंने कहा कि नदी जोड़ने से बाढ़ की संभावना कम होगी और लोग पानी का ज्यादा उपयोग कर सकेंगे। इससे बाढ़ नियंत्रण में भी सहूलियत होगी।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य में नेपाल से सहयोग नहीं मिलने की ओर प्रधानमंत्री का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि नेपाल में ज्यादा वर्षापात के कारण उत्तर बिहार बाढ़ से प्रभावित होता है। भारत-नेपाल समझौते के आधार पर बिहार का जल संसाधन विभाग सीमावर्ती इलाके में बाढ़ प्रबंधन का कार्य करता है। हाल के वर्षों में नेपाल सरकार से पूरा सहयोग नहीं मिल रहा है। वर्ष 2008 में कोसी त्रासदी के समय भी बांध टूटने से बिहार पूरी तरह प्रभावित हुआ था।

Edited By

Ramanjot