CM नीतीश ने पटना में निर्माणाधीन ‘प्रकाश पुंज' का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

9/4/2021 10:07:10 AM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पटना साहिब स्थित गुरू के बाग में बन रहे ‘प्रकाश पुंज' का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

नीतीश कुमार ने शुक्रवार को पटना साहिब जाकर बहुद्देशीय प्रकाश केंद्र और उद्यान परियोजना का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश पुंज परिसर के चारों तरफ चयनित वृक्षों का रोपण कराया जाए। इसके मुख्य द्वार के सामने के तालाब के चारों ओर पेवर ब्लॉक से रास्ते का निर्माण कराया जाए ताकि टहलने में सहुलियत हो।

मुख्यमंत्री ने तालाब के बाद रेलवे लाइन होने के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तालाब के बाहर चहारदीवारी का भी निर्माण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकाश पुंज परिसर के बाहरी क्षेत्र में भी सड़क का निर्माण कराया जाए ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सुविधा हो। उन्होंने ‘प्रकाश पुंज' के बगल में पर्यटकों के ठहरने के लिए बनाए जा रहे ‘प्रकाश भवन' का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री के समक्ष ‘प्रकाश पुंज' पर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया, जिसमें साइड प्लानिंग और जोनिंग प्लान, एक्जिविट एंड कॉन्टेंट प्लानिंग, ओरियेंटेशन पैनल आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की 350 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित प्रकाश पर्व को लेकर बिहार की प्रशंसा पूरे देश में हुई थी। यहां जो भी प्रदर्शनी की योजना बनायी गई है उसके एक हिस्से में प्रथम से लेकर 10 वें गुरु तक से संबंधित जानकारी दें। दूसरे हिस्से में प्रथम गुरू गुरुनानक साहब, 9वें गुरू तेगबहादुर साहब और 10वें गुरू गोविंद सिंह जी महाराज के संबंध में जानकारी दी जाए।

Content Writer

Ramanjot