समाधान यात्रा: CM नीतीश ने बांका में विकास योजनाओं का लिया जायजा, लोगों की सुनीं समस्याएं

2/6/2023 5:27:52 PM

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 'समाधान यात्रा' के क्रम में बांका जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत चल रही विकास योजनाओं का जायजा लिया। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री कटोरिया प्रखंड के मनिया गांव पहुंचे और वहां समेकित बाल विकास परियोजना केंद्र पर बच्चे-बच्चियों से बात कर वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने वहां उपस्थित मनिया ग्रामवासियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। 



मुख्यमंत्री ने प्राथमिक विद्यालय मनिया का निरीक्षण किया और क्लास रूम में जाकर बच्चों की पढ़ाई की जानकारी ली। इस दौरान क्लास वन और टू के बच्चों ने उन्हें हंसते-खेलते पढ़ाई किए जाने के संबंध में जानकारी दी, जिससे मुख्यमंत्री बहुत प्रसन्न हुए और बच्चों को शाबाशी दी। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने जिला औद्योगिक नवप्रवर्तन योजना के अंतर्गत स्थापित क्लस्टर का जायजा लिया और ठाकुर स्वर्णकार हस्तकला उद्योग, मनिया में चांदी से निर्मित मछली को देखा। उन्होंने 1304 जीविका समूहों को व्यवसाय हेतु 1 करोड़ 67 लाख रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया। उसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने जीविका महिला ग्राम संगठन को मछली पालन हेतु तालाब हस्तांतरण पत्र सौंपा तथा 25 हजार 600 रुपए का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया। 



38 योजनाओं का किया उद्घाटन
वहीं पर मुख्यमंत्री ने बांका जिले में 277.03 लाख रुपए की 38 योजनाओं का उद्घाटन किया एवं रिमोट के माध्यम से अन्य योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत विभिन्न उत्पादित सामग्रियों के लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। उन्होंने कोकून, बीजागार भवन, तसर स्ट्रीचिंग एवं स्पीनिंग का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने करझौसा में समेकित कृषि सुविधा केंद्र के परिसर का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने परिसर में ही बनाए गए आदिवासी सुविधा केंद्र का भी जायजा लिया जहां जीविका दीदियों को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित बकरी प्रजनन सह प्रशिक्षण केंद्र का भी जायजा लिया। 



किसी व्यक्ति को कोई दिक्कत नहीं होः CM
चांदी की मछली बनाने के व्यवसाय से जुड़े लोगों को दूसरे राज्यों की पुलिस द्वारा इसकी बिक्री के दौरान परेशान किये जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। इसको लेकर कोई प्रतिबंध नहीं है। यहां के कारोबारी किसी भी दूसरे राज्य में इसे लेकर जा सकते हैं। कहीं कोई, चीज तैयार करता है तो इसे लेकर वह पूरे देश में जा सकता है। हमलोग चाहते है कि सभी लोगों के पास बिहार की चीज पहुंच जाए, इसी को लेकर यहां पर भी काम हो रहा है। यहां तैयार की गई चीजों का बाहर में भी काफी डिमांड है। इस कारोबार से जुड़े किसी व्यक्ति को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। 



यात्रा के दौरान उपस्थित अधिकारी
इस दौरान वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, आपदा प्रबंधन मंत्री सह बांका जिले के प्रभारी मंत्री शाहनवाज, जल संसाधन सह सूचना एवं जन-संपर्क मंत्री संजय कुमार झा, लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज, विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह, सांसद गिरधारी यादव, विधायक भूदेव चौधरी, विधायक मनोज कुमार यादव, विधान पार्षद विजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक मनीष कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधगण, विकास आयुक्त विवेक कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक आरएस भट्टी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ, कृषि विभाग के सचिव एन सरवन कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव बालामुरुगन डी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के सचिव देवेश सेहरा, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त दयानिधान पांडेय, भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक विवेकानंद, बांका के जिलाधिकारी अंशुल कुमार, बांका के पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Content Writer

Ramanjot