नीतीश ने केंद्रीय बजट को बताया "स्वागतयोग्य", कहा- विकास की गति को बढ़ाने के लिए उठाए गए कई कदम

2/1/2022 4:07:32 PM

पटनाः केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को देश का आम बजट 2022-23 (Union Budget 2022) पेश किया, जिसके बाद नेताओं की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। इसी बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बजट को स्वागत योग्य बताया।

नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले दो वर्षों से देश का आर्थिक विकास कोरोना महामारी के चलते प्रभावित रहा है। इन विषम परिस्थितियों से निकलने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अपने बजट के माध्यम से देश के विकास की गति को बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं, जो सराहनीय हैं। संतुलित बजट पेश करने के लिए मैं केंद्र सरकार को बधाई देता हूं। केंद्र सरकार के द्वारा देश में बड़े पैमाने पर आधारभूत संरचना के निर्माण का निर्णय भी स्वागत योग्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा अपने संसाधनों से गंगा के दोनों किनारों के 13 जिलों में जैविक कोरिडोर विकसित किया जा रहा है। इस वर्ष केंद्रीय बजट में गंगा के किनारे 5 किलोमीटर के स्ट्रेच में प्राकृतिक खेती का कोरिडोर विकसित करने का निर्णय लिया गया है। केंद्र सरकार का यह कदम सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस बजट में धान एवं गेहूं की अधिप्राप्ति को बढ़ाने का निर्णय लिया। इससे किसानों को काफी लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत 80 लाख नए आवास बनाने की घोषणा हुई है। राज्य सरकारों को केंद्रीय करों की हिस्सेदारी के रूप में इस वर्ष एवं अगले वर्ष अधिक राशि प्राप्त होगी। इससे राज्य सरकारों की वित्तीय कठिनाइयां कम होंगी और राज्यों को राहत मिलेगी। 

Content Writer

Ramanjot