राजगीर मलमास मेला 2023 के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए CM नीतीश, वृतचित्र एवं स्मारिका का भी किया विमोचन

Tuesday, Aug 29, 2023-06:07 PM (IST)

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राजगीर मलमास मेला 2023 के विधिवत समापन सह सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुए। राजगीर ब्रह्मकुंड के समीप आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजगीर मलमास मेला के भव्य एवं सफल आयोजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, जीविका दीदियों, राजगीर तपोवन तीर्थ रक्षार्थ पंडा समिति से जुड़े लोगों एवं अभियंताओं को प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया। राजगीर तपोवन तीर्थ रक्षार्थ पंडा समिति के द्वारा मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया गया। 

PunjabKesari

जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने मुख्यमंत्री को मधुबनी पेंटिंग, जबकि पटना के प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को मलमास मेले का प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राजगीर मलमास मेला 2023 में आए श्रद्धालुओं के फीडबैक एवं मेला की महता पर आधारित वृतचित्र एवं स्मारिका का भी विमोचन किया।

PunjabKesari

कार्यक्रम के दौरान राजगीर तपोवन तीर्थ रक्षार्थ पंडा समिति द्वारा राजगीर मलमास मेला 2023 के सफल आयोजन एवं श्रद्धालुओं को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई हर प्रकार की सुविधाओं की सराहना की गई। मुख्यमंत्री को बताया गया कि राजगीर मलमास मेला 2023 के दौरान 3 करोड़ 12 लाख श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों ने मेला का भ्रमण किया। 1 करोड़ 92 लाख श्रद्धालुओं ने सप्त धारा ब्रह्मकुंड में स्नान किया। राजगीर तपोवन तीर्थ रक्षार्थ पंडा समिति द्वारा मुख्यमंत्री के लिए प्रशस्ति पत्र का वाचन किया गया। 

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार बहुत ही भव्य और बेहतर ढंग से पुरूषोतम मास मेला का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ है। सरकार की तरफ से हर बुनियादी सुविधाएं श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को उपलब्ध कराने की कोशिश की गई थी। यहां के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बहुत ही अच्छा काम किया है। सभी लोगों ने राजगीर मलमास मेला 2023 को सफल एवं भव्य बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उन सबको बधाई देता हूं। कार्यक्रम में राजगीर तपोवन तीर्थ रक्षार्थ पंडा समिति की ओर से मुख्यमंत्री के आगमन पर स्वागत संबोधन किया गया। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static