सिवान के पपौर ग्राम में संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री नीतीश, कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

Sunday, Sep 07, 2025-04:44 PM (IST)

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सिवान जिला के पचरुखी प्रखंड के पपौर ग्राम में डीवीएम ग्लोबल स्कूल के परिसर में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुझे प्रगति यात्रा की योजनाओं के स्थल भ्रमण एवं शिलान्यास के लिए सिवान जिला के बड़हरिया में आने तथा आपसे बातचीत करने का मौका मिला है। 

'कांग्रेस और राजद की सरकार ने कोई काम नहीं किया'
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि इस कार्यकर्ता संवाद में आप सब लोग उपस्थित हैं। मैं आपका अभिनंदन करता हूं। आप सब जानते हैं कि पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। पहले बहुत बुरा हाल था। कांग्रेस और राजद की सरकार ने कोई काम नहीं किया। कुछ दिनों के लिए हम उनके साथ थे लेकिन जब वे गड़बड़ करने लगे तो हम उनसे अलग हो गए। भाजपा और जदयू का पुराना संबंध है। हमलोग साथ मिलकर राज्य और देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। हमलोग हमेशा साथ रहेंगे। जब 24 नवंबर, 2005 को एनडीए की सरकार बनी थी, तब से हमलोग बिहार के विकास में लगे हुए हैं। राज्य में कानून का राज है। सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। शुरू से ही शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया गया है। 

राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बड़े पैमाने पर सड़कों, पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया है। सात निश्चय के तहत हर घर तक बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय तथा टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का काम पूरा हो गया है। वर्ष 2020 में युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरी एवं 10 लाख रोजगार देना तय किया गया था। अभी तक युवाओं को 10 लाख नौकरी एवं 39 लाख रोजगार दे दिया गया है। चुनाव से पहले ही 50 लाख से अधिक नौकरी एवं रोजगार दे दिया जायेगा। अब तय किया है कि अगले 5 वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी / रोजगार दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार का बजट लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2005-06 में नयी सरकार बनने के समय राज्य का बजट मात्र 28 हजार करोड़ रुपए था जिसे वर्ष 2006-07 में बढ़ाकर 34 हजार करोड़ रुपए किया गया और यह लगातार बढ़ते-बढ़ते अब 3 लाख 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। 

सभी घरेलू उपभोक्ताओं को दी जा रही बिजली मुफ्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में कुछ नए निर्णय लिए गए हैं। इसके तहत सभी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन की राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया है। इससे 1 करोड़ 12 लाख लोगों को फायदा हो रहा है। वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुँचा दी गयी। सरकार द्वारा शुरू से ही बहुत सस्ती दर पर बिजली दी जाती थी। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है। सरकार की तरफ से सभी इच्छुक लोगों के घरों पर सोलर पैनल लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नयी योजना 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' की स्वीकृति दी गयी है जिसके तहत हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की राशि दी जायेगी। जिनका रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जायेगी। यह काम इसी सितम्बर माह से शुरू हो जायेगा। इसके साथ ही बिहार में नये उद्योग लगाने के लिए मुफ्त जमीन एवं विशेष सहायता दी जायेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static