बिहार के पूर्व राज्यपाल बूटा सिंह का निधन, CM नीतीश ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना

1/2/2021 4:20:11 PM

पटनाः बिहार के पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सरदार बूटा सिंह का शनिवार को निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

नीतीश कुमार ने शनिवार को अपने शोक-संदेश में कहा कि स्व. सरदार बूटा सिंह के रूप में देश ने एक वरिष्ठ नेता को खो दिया है। उन्होंने बिहार के राज्यपाल एवं केंद्रीय मंत्रिमंडल में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया था। वे गरीबों के उत्थान के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

बता दें कि सरदार बूटा सिंह ने आठ बार लोकसभा चुनाव जीता था। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में गृह, कृषि, रेल और संचार तथा अन्य महत्वपूर्ण मंत्रालयों के साथ ही साल 2004 से लेकर 2006 तक बिहार के राज्यपाल का दायित्व संभाला था। 

Ramanjot