सदन में महिला विधायक पर भड़के CM नीतीश, कहा- अरे महिला हो कुछ जानती नहीं हो...

Wednesday, Jul 24, 2024-01:24 PM (IST)

पटनाः बिहार विधानसभा में मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। ऐसे में आज सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने जातीय जनगणना, विशेष राज्य के दर्जे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया है। वहीं इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष के नेता पर भड़क गए।

मुख्यमंत्री ने मसौढ़ी से राजद विधायक रेखा देवी को फटकार लगाते हुए कहा कि महिला हो, समझती नहीं हो। इन लोगों ने महिलाओं को कभी आगे बढ़ने नहीं दिया। अरे महिला हो कुछ जानती नहीं हो...आज महिला होकर बोल रही हो। राजद के समय कभी किसी महिला को बोलने की इजाजत थी। कभी वो लोग (RJD) किसी महिला को आगे बढ़ाए थे। 2005 के बाद हमने महिला को बढ़ाया। आज बोल रही हो फालतू। इसलिए कह रहे हैं सुनो... अरे क्या हुआ हम जो कह रहे है उसको सुनो, क्या हुआ सुनोगे नहीं? हम तो सुनाएंगे।

वहीं नीतीश कुमार ने विपक्ष के अन्य विधायकों को भी जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि बिहार में जातीय जनगणना करने को लेकर हमने सर्वदलीय बैठक की थी। उस बैठक में सभी दल के नेता भी शामिल हुए थे। बिहार में जातीय जनगणना प्रकाशित हुई लेकिन हाईकोर्ट ने उसे रोक लगा दी। इसके बाद राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट गई है। साथ ही हम लोगों ने केंद्र को भी पत्र भेजा है कि बिहार की जातीय जनगणना को नवमी अनुसूची में शामिल किया जाए।

सीएम नीतीश की बातों को लेकर विपक्ष ने सदन के अंदर जबरदस्त हंगामा किया, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायकों को फटकार लगाई। इसके अतिरिक्त सदन की कार्रवाई 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static