असम में बिहार के 2 मजदूरों की मौत पर CM नीतीश ने जताया शोक, 2-2 लाख रूपए मुआवजा देने की घोषणा

12/4/2022 10:22:58 AM

पटना/खगड़ियाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने असम के कछार जिले में एक चिमनी विस्फोट में प्रदेश के खगड़िया जिले के बछौता गांव के रहने वाले दो मजदूरों की मौत होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है। नीतीश ने इस हादसे में मारे गए बिहार के दोनों लोगों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रूपए अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री नीतीश ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिया है कि असम सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीरों को उनके गांव पहुंचाने की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने इस हादसे में घायल हुए प्रदेश के अन्य मजदूरों के समुचित इलाज की व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

खगड़िया जिले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतकों में बछौता गांव निवासी मदनी पासवान (60) और उनके पुत्र सुनील कुमार (27) शामिल हैं। इस हादसे में जख्मी उसी गांव के सुनील पासवान और बिरजू पासवान तथा बरिहायी गांव के ब्रजेश और गोरख पासवान को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खगड़िया के जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने बताया कि वह मृतकों के शवों को यहां लाए जाने के लिए वहां के प्रशासन से संपर्क में हैं।

Content Writer

Ramanjot