JDU में गुटबंदी की खबरों को CM नीतीश ने किया खारिज, बोले- यह सब बेकार की बातें हैं

8/17/2021 12:14:40 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी में गुटबंदी की मीडिया रिपोर्ट को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि यह सब बेकार की बातें हैं, जदयू में कोई मतभेद नहीं है।

नीतीश कुमार ने सोमवार को ‘जनता के दरबार में मुख्यमंत्री' कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं के जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह के बीच कथित शक्ति परीक्षण होने के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं। ऐसी कोई बात नहीं है। कोई पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना तो उनका स्वागत किया गया। उसी तरह कोई केन्द्र में मंत्री बना है तो पार्टी के लोग उनका स्वागत कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी को सम्मान मिला तो लोग उनकी इज्जत कर रहे हैं। किसी को जिम्मेवारी मिली है तो उनकी इज्जत कर रहे हैं। ऐसा कुछ नहीं है कि कोई मतभेद है। उन्होंने कहा कि वह पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उसके बाद आरसीपी सिंह को अध्यक्ष बनाया गया। जब आरसीपी सिंह केंद्र में मंत्री बन गए तो उन्होंने ही कहा कि ललन सिंह अब अध्यक्ष का पद संभालें।

गौरतलब है कि ललन सिंह के जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना आने पर लगाए गए पोस्टर में आरसीपी की तस्वीर नहीं होने के बाद जदयू में गुटबंदी शुरू होने की अटकलें लगाई जाने लगी। इसी तरह केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार सोमवार को पटना पहुंचे आरसीपी सिंह के स्वागत में लगाई गई होर्डिंग एवं पोस्टर में पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की तस्वीर को स्थान नहीं दिया गया। हालांकि पहले तो राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह की फोटो भी पोस्टर में नहीं थी लेकिन बाद में इस भूल को सुधार लिया गया। इसके बाद से जदयू में गुटबंदी की अटकलें और तेज हो गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static