CM नीतीश ने मकर संक्रांति और लोहड़ी की दी बधाई, लोगों से की ये अपील

1/13/2022 9:37:37 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मकर संक्रांति और लोहड़ी पर्व पर समस्त प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने कोरोना को लेकर पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि मकर संक्रांति और लोहड़ी का पर्व लोगों के लिए सुख, शान्ति और समृद्धि लाएगा। मकर संक्रांति और लोहड़ी के पर्वों का सांस्कृतिक महत्व भी है। लोग इन पर्वों को हर्षोल्लास, पारस्परिक स्नेह एवं सौहार्द्र के साथ मनाएं। मकर संक्रांति के पावन स्नान के बाद लोग चूड़ा, दही, तिलकुट खाते और खिलाते हैं, इससे परस्पर प्रेम और सछ्वाव बढ़ता है। नए फसलों के घर आने की खुशी में लोहड़ी पर्व मनाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का सचेत रहना नितांत आवश्यक है। अपनी तरफ से पूरी सावधानी बरतें। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव का सबसे अच्छा उपाय सोशल डिस्टेंसिंग है। बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग जरूर करें।

Content Writer

Ramanjot