CM ने 48वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी बालिका प्रतियोगिता 2022 का किया उद्घाटन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

9/2/2022 10:11:28 AM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 48वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी बालिका प्रतियोगिता 2022 का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। पाटलिपुत्र इंडोर स्टेडियम, पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आयोजित इस चार दिवसीय 48वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी बालिका प्रतियोगिता में 28 राज्यों के प्रतिभागी शामिल हैं।



नीतीश कुमार ने गुरुवार को 48वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी बालिका प्रतियोगिता 2022 का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘केंद्र से बिहार को जितनी मदद मिलनी चाहिए, वह नहीं मिल रही है फिर भी हमलोग सभी काम अच्छे ढंग से कर रहे हैं।'' मुख्यमंत्री ने कबड्डी को अंतररष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई है, यह काफी खुशी की बात है। बिहार में यह बहुत लोकप्रिय हो रहा है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी बहुत जरूरी है। बिहार से बहुत लोग बाहर खेलने जा रहे हैं और सबको पुरस्कार भी मिल रहा है, यह खुशी की बात है। उन्होंने जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी बालिका प्रतियोगिता-2022 की प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि आप सभी खूब अच्छा खेलिए और आगे बढ़िए।



नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों से जो प्रतिभागी खिलाड़ी यहां आई हैं, उनका विशेष रूप से ख्याल रखें ताकि उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो। जिलाधिकारी एक-एक चीज पर गौर करें कि खिलाडियों को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि राजगीर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सह स्पोट्र्स एकेडमी का निर्माण कराया जा रहा है। उनकी सरकार ने बिहार में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना कराने का भी निर्णय लिया है। राजगीर में ही एकेडमी और विश्वविद्यालय भी रहेगा, जहां खेल के साथ-साथ खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की भी व्यवस्था रहेगी। इस देश में खेल-कूद के लिए राजगीर एक खास स्थल होगा।



मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में खेल कूद को बढ़ावा देने के लिए काम किए जा रहे हैं। इसके लिए प्रखंड स्तर पर स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है और अब तक 165 प्रखंडों में स्टेडियम का निर्माण कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि यह काम जल्द से जल्द पूरा हो। सरकार ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देना भी शुरू किया है। बिहार में अब तक 235 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई है।

Content Writer

Ramanjot