जमुई में विकास की बहार!: सीएम ने ​दी 890 करोड़ रुपये की सौगात,किया कई योजनाओं का उद्घाटन

Friday, Feb 07, 2025-02:20 PM (IST)

जमुई:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रगति यात्रा के चौथे चरण के दौरान जमुई जिले के आदर्श महिला थाना परिसर में कुल 74 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं का कुल मूल्यांकन 890 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है। इसमें 58 योजनाओं का उद्घाटन (≈7,640 लाख रुपये) और 16 योजनाओं का शिलान्यास (≈81,447 लाख रुपये) शामिल है।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री की यात्रा: हवाई सर्वेक्षण से शिलान्यास तक

मुख्यमंत्री ने जमुई जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का जायजा लेते हुए खैरा प्रखंड के लघुआर मंदिर का हवाई सर्वेक्षण किया और ढावांटाँड़ ग्राम में बने हेलीपैड पर उतरे। इसके पश्चात्, गरही डैम में जलाशय मात्सियिकी विकास योजना के अंतर्गत केज-कल्चर का निरीक्षण भी किया गया। साथ ही, प्रस्तावित अपर किउल जलायश, गरही लघुआर सड़क एवं पुल योजनाओं के स्थलीय निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री ने इको पर्यटन स्थल के सौंदर्गीकरण पर भी विशेष जोर दिया।

ग्रामीण विकास एवं महिला सशक्तिकरण की पहल

मुख्यमंत्री ने आदर्श महिला थाना परिसर में नव-निर्मित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला थाना का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 554.54 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय महिला डिग्री कॉलेज का शिलान्यास भी संपन्न किया गया। ग्राम शिकहरिया के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र एवं ग्राम सोनपै में निर्मित खेल मैदान, तालाब और संयुक्त श्रम भवन के उद्घाटन ने ग्रामीण विकास की दिशा में नए आयाम स्थापित किए।

PunjabKesari

विभागीय स्टॉल एवं स्वयं सहायता समूहों का समावेश

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया, जिनमें उद्योग, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि, पशु एवं मत्स्य संसाधन, श्रम, समाज कल्याण, परिवहन एवं शिक्षा विभाग शामिल हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, स्टार्टअप योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, जिला गव्य विकास योजना, देशी गौ पालन योजना, मुख्यमंत्री निःशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना, आयुष्मान कार्ड एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किए। स्वयं सहायता समूहों एवं जीविका दीदियों के लिए भी महत्वपूर्ण राशि की घोषणा की गई, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहारा मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static