नेपाल हादसे में बिहार के 4 मजदूरों की मौत पर CM ने जताया शोक, परिजनों को 2-2 लाख रुपए अनुदान देने का आदेश

5/6/2023 6:03:00 PM

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेपाल लैंडस्लाइड में बिहार के किशनगंज जिले के रहने वाले 04 लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। 

मुख्यमंत्री ने नेपाल में हुए लैंडस्लाइड हादसे में किशनगंज के रहने वाले 4 मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रूपए अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। बता दें कि नेपाल के इलाम जिला अंतर्गत फिकल में शुक्रवार को मकान का काम करने के दौरान पहाड़ धंसने से किशनगंज जिले के 4 मजदूर मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं मृतकों में अजीमुद्दीन, मोहम्मद अब्दुल, मोहम्मद तौसीफ एवं मुजफ्फर शामिल हैं। सभी की उम्र 20-25 साल के बीच बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ये सभी युवक नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र फिकल में मजदूरी का काम करते थे। शुक्रवार शाम मकान का कार्य करने के दौरान पहाड़ धसने से 4 लोग मलवे में दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल मृतकों के शवों को किशनगंज लाने का प्रयास परिजनों के द्वारा किया जा रहा हैं।

Content Editor

Swati Sharma