सुशील मोदी का दावा- NDA ने कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर जीता बिहार के किसानों का भरोसा

12/26/2020 11:34:08 AM

पटनाः राज्यसभा सांसद एवं बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर प्रदेश के किसानों का भरोसा जीता है इसलिए वे नए कृषि कानून के मुद्दे पर विपक्ष के बहकावे में नहीं आए।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में केंद्र की राजग सरकार ने सस्ते ब्याज पर कृषकों को कर्ज देने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की शुरुआत की थी। उनकी पहल को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान सम्मान निधि योजना लागू करने तक किसानों के लिए इतने काम किए कि बिहार के किसान नए कृषि कानून के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वाम दलों के बहकावे में नहीं आए।

भाजपा नेता ने प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष का भारत बंद बिहार में ऐसा फ्लॉप रहा कि राजद के नेता को राज्य छोड़कर भागना पडा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से बिहार के 80 लाख किसानों को आज तक 6000 करोड़ रुपए भेजे जा चुके हैं।

 

Ramanjot