रामविलास पासवान ICU में भर्ती, चिराग ने पार्टी कार्यकर्ताओं को लिखी भावुक चिट्ठी

9/21/2020 1:44:59 PM

पटनाः लोजपा (LJP) अध्यक्ष चिराग पासवान के पिता व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान (Ram Vilas Paswan) की तबीयत बिगड़ गई है। वे दिल्‍ली के फोर्टिस अस्‍पताल के आइसीयू (ICU) में भर्ती हैं। उधर बिहार में चुनाव को लेकर सभी पार्टियां तैयारियों में जुटी हुई हैं। वहीं चिराग का पिता को छोड़कर बिहार में आना संभव नहीं है। इसे लेकर उन्होंने पार्टी के नेताओं को एक भावुक चिट्ठी लिखी है।

चिराग ने इस खत में बिहार न आने की मजबूरी भी साफ की। उन्होंने बताया कि पिता रामविलास पासवान की तबीयत खराब है। उन्होंने लिखा, "अस्पताल में पापा को रोज लड़ाई से लड़ते देख रहा हूं। एक बेटे के तौर पर पापा को अस्पताल में देखकर विचलित हो जाता हूं। पापा ने कई बार मुझे पटना जाने का सुझाव दिया है लेकिन बेटा होने के नाते पापा को आईसीयू में छोड़कर मेरे लिए कहीं भी जाना संभव नहीं है।"

चिराग ने पत्र में यह भी बताया है कि सीट बंटवारे पर अभी तक उनकी किसी से कोई बात नहीं हुई है। साथ ही उन्होंने कार्यकरताओं से कहा कि वे लोग विकास के लिए जनता को लोजपा का रोडमैप बताएं। उन्‍होंने राम विलास पासवान के स्‍वस्‍थ होने तक पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र में रह कर जनता को बाढ़ व कोरोना की आपदा के दौरान मदद करने को भी कहा है।

Ramanjot