JDU में मचे घमासान के बीच चिराग बोले- दूसरों का घर तोड़ने वाले के घर में ही हो गई फूट

8/8/2022 10:31:12 AM

पटनाः जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में मचे घमासान के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के जमुई से सांसद चिराग पासवान ने कहा कि दूसरों का घर तोड़ने वाले के घर में ही फूट हो गई है।

चिराग पासवान ने रविवार को कहा, 'मैं सकारात्मक राजनीति करता हूं। किसी का कोई मॉडल नहीं हूं। दूसरे का घर तोड़ने वाले के घर में ही आज फूट हो गई है। बेहतर होगा कि टूट के कारणों को जदयू बाहर चौराहे पर ना तलाशे। गौरतलब है कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह आरसीपी प्रकरण पर कहा था कि चिराग मॉडल लाने की कोशिश की जा रही थी। सांसद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान वह (नीतीश कुमार) कंफ्यूजन में थे और आज भी कन्फ्यूज हैं। उन्हें चिराग पासवान ने नहीं बल्कि बिहार की 13 करोड़ जनता ने हराया। उन्होंने कहा कि वह तो जनभावनाओं के प्रतिनिधि तब भी थे और आज भी बने हुए हैं।

चिराग पासवान ने कहा, 'नीतीश कुमार में वर्ष 2024 में हार का डर ऐसा घुस गया है कि मामा कंस की तरह मां देवकी के हर पुत्र को मार देना चाहते हैं। पहले वह मुझ पर और अब पूर्व केन्द्रीय मंत्री आरसीपी सिंह पर हमला कर रहे हैं। लेकिन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं जानते कि सियासी वध के लिए कृष्ण ने अवतार ले लिया है। इस बार पाला बदलना भी काम नहीं आएगा।' सांसद ने कहा कि आज मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि उनकी नाक के नीचे आरसीपी सिंह भ्रष्टाचार करते रहे। इसके बावजूद भी वह सुशासन बाबू कहलाते हैं। बिहार की जनता के साथ ये सरासार धोखा है और इसका जवाब राज्य की जनता ही देगी। उन्होंने कहा कि इनका ट्रैक रिकॉर्ड देखने के लिए ज्यादा पीछे जाने की जरूरत नहीं है। आसानी से पता चल जाएगा कि नीतीश कुमार को दरअसल डरना किससे चाहिए।

Content Writer

Ramanjot