नीतीश की गलत नीतियों के कारण बिहारियों को प्रदेश छोड़कर पलायन करना पड़ रहाः चिराग पासवान

11/14/2022 4:21:47 PM

डेहरी-ऑन-सोनः लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बिहार को जाति के नाम पर बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की गलत नीतियों के कारण बिहारियों को प्रदेश छोड़कर रोजगार के लिए पलायन करना पड़ रहा है।

चिराग पासवान ने रविवार को रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि बिहार के लोगों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए परिवार को छोड़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री के सत्ता में होने के बावजूद एक भी उपलब्धि हासिल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए कारखाना लगाने की बात करने वाले नीतीश के कार्यकाल के दौरान कई उद्योग बंद हुए। बिहार के विकास के लिए काम न करने वाले नेता चिराग पासवान पर निशाना साधते हैं।

लोजपा नेता ने कहा कि वह हमेशा प्रदेश के विकास की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि पिता रामविलास पासवान के अधूरे सपनों को पूरा करने का वक्त है। उन्होंने अपने कार्यकाल में किए वादों को चरितार्थ करने का काम किया। आज उन्हीं की देन है कि हर गरीब के हाथों में मोबाइल फोन है। पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष हुलास पांडेय ने कहा कि बिहारी फर्स्ट और बिहार फर्स्ट के विजन से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए किसी भी तरह की पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए जरूरी है कि चिराग जैसे व्यक्ति को उनके नेतृत्व क्षमता का उपयोग बिहार के विकास के सपने को पूरा करने के लिए किया जाए।

Content Writer

Ramanjot