पशुपति पारस से मिलने उनके घर पहुंचे चिराग पासवान, कुछ देर इंतजार करने के बाद जाने की मिली अनुमति

6/14/2021 2:12:39 PM

नई दिल्ली/पटनाः लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान दिल्ली स्थित पार्टी सांसद और चाचा पशुपति कुमार पारस के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे। कार में कुछ देर इंतजार करने के बाद उन्हें अंदर जाने दिया गया। हालांकि पारस वहां मौजूद नहीं थे। पासवान के रिश्ते के भाई एवं सांसद प्रिंस राज भी इसी आवास में रहते हैं।

दरअसल, लोजपा के 6 लोकसभा सदस्यों में से 5 ने चिराग पासवान को संसद के निचले सदन में पार्टी के नेता के पद से हटाने और उनके चाचा पशुपति कुमार पारस को इस पद पर नियुक्त करने के लिए हाथ मिला लिया है। वहीं, पारस ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुए उन्हें एक अच्छा नेता तथा ‘‘विकास पुरुष'' बताया। इसके साथ ही पार्टी में एक बड़ी दरार उजागर हो गई क्योंकि पारस के भतीजे चिराग पासवान जद (यू) अध्यक्ष के धुर आलोचक रहे हैं।

हाजीपुर से सांसद पारस ने कहा कि मैंने पार्टी को तोड़ा नहीं, बल्कि बचाया है। उन्होंने कहा कि लोजपा के 99 प्रतिशत कार्यकर्ता पासवान के नेतृत्व में बिहार 2020 विधानसभा चुनाव में जद (यू) के खिलाफ पार्टी के लड़ने और विफल रहने से काफी नाखुश हैं। पारस ने कहा कि उनका गुट भाजपा नीत राजग सरकार को हिस्सा बना रहेगा और पासवान भी संगठन का हिस्सा बने रह सकते हैं।

Content Writer

Nitika