शरद यादव ने बिहार को कर्मभूमि बना पूरे देश में समाजवाद का परचम लहाराया: अवध बिहारी चौधरी

1/14/2023 4:21:26 PM

पटना: बिहार विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शक्रवार को अपने शोक संदेश में कहा कि शरद यादव एक प्रख्यात समाजवादी नेता थे। उन्होंने बिहार को कर्मभूमि बना पूरे देश में समाजवाद का परचम लहाराया। 

अवध बिहारी चौधरी ने कहा कि शरद यादव आजीवन शोषितों, पीड़तिों और वंचितों की आवाज बने रहे। उनके निधन से मन व्यथित है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यादव के निधन से सामाजिक और राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को चिर शांति और शोकाकुल परिजनों को दारूण दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

बता दें कि वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का बीते गुरुवार को गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। शरद यादव 75 वर्ष के थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त की हैै।

Content Editor

Swati Sharma