आय से अधिक संपत्ति मामले में कैमूर के पूर्व DTO एवं उनकी पत्नी के खिलाफ आरोप पत्र दायर

8/12/2022 11:49:09 AM

पटनाः बिहार राज्य सतकर्ता अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति मामले में कैमूर के पूर्व जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) अनिमेष कुमार एवं उनकी पत्नी के खिलाफ विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया।

ब्यूरो ने यह आरोप पत्र विशेष न्यायाधीश मनीष द्विवेदी की अदालत में अनिमेष कुमार एवं उनकी पत्नी माला सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और भारतीय दंड विधान की अलग-अलग धाराओं में दायर किया है। अनिमेष कुमार वर्तमान में वरीय उप समाहर्ता के पद पर कटिहार जिले में पदस्थापित हैं।

आरोप पत्र के अनुसार, अनिमेष कुमार ने वर्ष 1996 से 2016 के बीच सरकारी पद का भ्रष्ट दुरुपयोग कर अपनी आय के सभी ज्ञात स्रोतों से अधिक लगभग एक करोड़ 20 लाख रुपए की संपत्ति अर्जित की थी। कुमार ने उक्त संपत्तियां स्वयं एवं अपनी पत्नी के नाम से अर्जित की थी। अर्जित की गई संपत्तियों में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) नोएडा में दो फ्लैट, न्यू दिल्ली के द्वारिका में एक फ्लैट एवं विभिन्न बैंक खातों में जमा रकम शामिल हैं।

Content Writer

Ramanjot