CM चन्नी के भइया वाले बयान पर शत्रुघ्न सिन्हा ने जताई आपत्ति, कहा- इस टिप्पणी ने मुझे आहत किया

2/20/2022 9:42:58 AM

नई दिल्ली/पटनाः अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के 'उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली दे भइया' वाले बयान पर आपत्ति जताते हुए शनिवार को कहा कि 'बिहारी बाबू' होने के नाते इस बयान ने, न केवल उन्हें बल्कि दूसरे राज्यों के लोगों को भी आहत किया।

मंगलवार को रूपनगर में एक चुनावी रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ चन्नी ने कहा था, ''पंजाब पंजाबियों का है... यहां राज करने के लिए आने वाले उत्तर प्रदेश, बिहार दिल्ली दे भइया को घुसने नहीं देंगे।'' पंजाब के मुख्यमंत्री ने बाद में कहा कि उनकी टिप्पणी को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और यह राज्य में व्यवधान पैदा करने वाले कुछ व्यक्तियों की करतूत है। उन्होंने राज्य के विकास में प्रवासियों के योगदान के लिए उनकी सराहना भी की।

2019 में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने विवाद का जिक्र करते हुए ट्वीट किया, ''हालांकि, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है और प्रियंका गांधी पहले ही उनके स्पष्टीकरण का समर्थन कर चुकी हैं। लेकिन, फिर भी एक सार्वजनिक व्यक्ति होने के नाते, हमारे दोस्त व मुख्यमंत्री चन्नी को पता होना चाहिए कि उन्हें कैसे व्यवहार करना चाहिए। सार्वजनिक हस्तियों को अपने शब्दों और भाषा का ध्यान रखना चाहिए।'' सिन्हा ने लिखा, ''एक बिहारी बाबू होने के नाते, इसने मुझे न केवल आहत किया है, बल्कि अन्य राज्यों, यूपी, बिहार और दिल्ली के कई लोगों को भी चोट पहुंचाई है। जय हिंद!''

Content Writer

Ramanjot