यशवंत सिन्हा की केंद्र से मांग- बिहार की बाढ़ को घोषित करें 'राष्ट्रीय आपदा'

8/12/2020 10:56:45 AM

पटनाः पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने केंद्र सरकार से बिहार में आई बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से उत्तर बिहार के वृहद क्षेत्र में तबाही हुई है और इससे 75 लाख से अधिक आबादी प्रभावित है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व सांसद अरुण कुमार, बिहार की पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा नागमणि के साथ नवगठित यूनाइटेड डेमोक्रेटिक एलायंस (यूडीए) के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे यशवंत सिन्हा ने मंगलवार को राज्यपाल फागू चौहान के कार्यालय को इस आशय का ज्ञापन सौंपा। इसके बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की है।

सिन्हा ने कहा कि बिहार सरकार को भी केंद्र से राज्य में आई बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग करनी चाहिए लेकिन बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई बैठक में इस आशय की कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने इस बैठक को निरर्थक बताया और कहा कि प्रधानमंत्री को स्वयं उत्तर बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरान करना चाहिए था लेकिन उन्होंने ऐसा न कर राज्य की जनता को बाढ़ में मरने के लिए छोड़ दिया है।

Edited By

Ramanjot