Bihar Cabinet Expansion: कैबिनेट विस्तार पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बयान, बोले- इससे बिहार में विकास की गति होगी तेज
Thursday, Feb 27, 2025-08:48 AM (IST)

Nitish Kumar Cabinet Expansion: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish kumar) ने बुधवार को इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) को ध्यान में रखकर अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) कोटे से सात विधायकों को मंत्री बनाया है। वहीं बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद राज्य में विकास की गति को और तेज करने में मदद मिलेगी। सम्राट चौधरी ने बुधवार को मंत्रिमंडल विस्तार के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यह प्रक्रिया लंबे समय से लंबित थी, जिसके कारण एक ही मंत्री को कई विभागों का प्रभार संभालना पड़ रहा था। अब मंत्रिमंडल के विस्तार से शासन अधिक प्रभावी होगा और प्रशासनिक कामकाज सुचारू रूप से चल सकेगा।
RJD पर साधा निशाना
उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अगले विधानसभा चुनाव में बिहार में अपनी पार्टी की सत्ता में वापसी का सपना देख रहे हैं लेकिन यह संभव नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि राजद को वर्ष 2005 के बिहार विधानसभा चुनाव, 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव, 2010 और 2020 के विधानसभा चुनाव तथा 2019 एवं 2024 के लोकसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था।
भाजपा नेता ने आगे कहा,‘‘लालू यादव अपने बेटे तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन इसमें वे कभी सफल नहीं होंगे। बिहार की जनता 1990 से 2005 तक राजद के शासनकाल के दौरान राज्य में व्याप्त जंगल राज को नहीं भूली है।"
इन विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ।। Nitish Kumar Cabinet Expansion
गौरतलब है कि मंत्री पद की शपथ लेने वालों में दरभंगा नगर से विधायक संजय सरावगी, बिहारशरीफ से डॉ. सुनील कुमार, दरभंगा के जाले विधानसभा क्षेत्र से विधायक जीवेश मिश्रा, मुजफ्फरपुर के साहेबगंज से विधायक राजू कुमार सिंह, सीतामढ़ी के रीगा से विधायक मोतीलाल प्रसाद, अररिया के सिकटी से विधायक विजय कुमार मंडल और अमनौर से विधायक कृष्ण कुमार मंटू शामिल हैं। वहीं, बिहार मंत्रिमंडल विस्तार पर बिहार के मंत्री कृष्ण कुमार मंटू ने कहा, "युवाओं पर भरोसा किया गया है और युवाओं के पास क्षमता होती है हम उस क्षमता का पूरा उपयोग करेंगे और हम बेहतर काम करके दिखाएंगे।"
दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा
बता दें कि बीजेपी (BJP) प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल (Dilip Jaiswal) ने नीतीश मंत्रिमंडल (Nitish Cabinet) विस्तार से पहले अपने मंत्री पद (Dilip Jaiswal Resigned) से इस्तीफा दे दिया था। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत के तहत दिलीप जायसवाल ने बिहार सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि वो बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे।