राम मंदिर के पुजारी की बेरहमी से हत्या कर गड्ढे में फेंका शव, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

12/14/2022 2:29:17 PM

मुजफ्फरपुरः बिहार में अपराधियों का ग्राफ प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा हैं। वह आए-दिन हत्या और लूटपाट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है, जहां पर बदमाशों ने राम मंदिर के एक पुजारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं अपराधियों ने पुजारी के हाथ पैर बांधकर पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया।

पास के तालाब से बरामद हुआ शव
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के बाघी गांव का हैं। मृतक की पहचान कुढ़नी थाना क्षेत्र के बथना परैया निवासी अरविंद कुमार झा उर्फ मुनटुन झा के रूप में की गई है। वह गांव में पूजा पाठ किया करते थे। गांव की महिला ने कहा कि वह मंदिर साफ करने जा रही थी, लेकिन पुजारी का कमरा खुला हुआ था। उन्हें लगा कि पुजारी दरवाजा खोलकर चले गए होंगे। इसी बीच उन्हें सूचना मिली की स्कूल के पीछे स्थित पोखर में पुजारी का शव बरामद हुआ है। पुजारी के हाथ पैर बंधे थे, जबकि शव के साथ पत्थर भी बांधे गए थे ताकि शव पानी के बाहर नहीं आ सकें। घटना की जानकारी पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मनियारी थाने की पुलिस को दी।

जांच में जुटी पुलिस
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। लोगों ने आशंका जताई पुजारी की हत्या कर उनकी लाश को बांधकर पोखर में फेंका गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया है। मौके पर पहुची पुलिस लोगो को समझाने का प्रयास कर रही है। इसके अतिरिक्त पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Content Editor

Swati Sharma