प्रेमी संग मेला घूम रही लड़की को भाई ने पकड़ा, पंचायत ने मंदिर में करवाई शादी

10/6/2022 12:33:30 PM

मोतिहारीः बिहार के मोतिहारी जिले में मेला घूम रहे एक प्रेमी युगल की पंचायत ने मंदिर में शादी करा दी गई। बताया जा रहा है कि एक लड़की अपने प्रेमी के साथ मेला घूम रही थी। उसके भाई ने ही उसे देख लिया तो उन्हें पकड़कर थाने ले गया। इसके बाद दोनों से पूछताछ की गई और उनकी शादी मंदिर में करवा दी गई।



जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, मामला मोतिहारी के मलाही थाना क्षेत्र का है। युवक की पहचान मझौलिया थाना के बहुरवा गांव के निवासी राहुल और लड़की की पहचान मलाही थाना क्षेत्र के पचरुखी गांव निवासी कल्पना कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात को राहुल और कल्पना दुर्गा पूजा में मेला घूमने गए हुए थे। इसी दौरान लड़की के भाई ने उनको पकड़ लिया। इसके बाद वह दोनों को पकड़ कर पुलिस के पास ले गया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो दोनों ने बताया कि वह एक-दूसरे से प्यार करते है और शादी करना चाहते है। इसके बाद सूचना दोनों के परिजनों को दी गई। फिर स्थानीय मुखिया के साथ पंचायत करने के बाद दोनों की शादी करवा दी गई।

एक साल पहले तय हुई थी दोनों की शादी
स्थानीय लोगों ने बताया कि राहुल की बहन की शादी कल्पना के गांव में हुई थी। कल्पना का घर राहुल की बहन के घर के पास ही था। इसके बाद दोनों में प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। लड़की के परिवार को जब यह बात पता चली तो एक साल पहले दोनों की शादी करवाने की बात कही गई, पर इस रिश्ते से राहुल के बड़े भाई को एतराज था। इसके बाद भी राहुल और कल्पना का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों एक दूसरे से घंटों बात करते थे। इसी बीच वह दोनों मेला घूमने गए हुए थे।

राहुल के बड़े भाई को एतंराज था इस रिश्ते से
लड़की के भाई ने कहा कि दोनों की शादी एक साल पहले तय हुई थी। दहेज में 1 लाख रुपए और एक बाइक देने की भी बात हुई। पर इस रिश्ते से राहुल के बड़े भाई को एतराज था तो दोनों की शादी टूट गई। इसके बाद जब मैंने दोनों को मेले में देखा तो पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं थानाध्यक्ष संजय पाठक ने कहा कि प्रेमी जोड़े को पकड़कर लड़की का भाई लाया था। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो दोनों ने बताया कि वह एक-दूसरे से प्यार करते है और शादी करना चाहते है। इसके बाद सूचना दोनों के परिजनों को दी गई। फिर स्थानीय मुखिया के साथ पंचायत करने के बाद दोनों की शादी करवा दी गई।

Content Editor

Swati Sharma